समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को लेकर योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के प्रस्ताव को मंगलवार को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई। अब JPNIC का संचालन निजी कंपनी/कंसोर्टियम को 35 साल की लीज पर दिया जाएगा।
ओपन बिड की प्रक्रिया के तहत वृंदावन बॉटलर्स एंड रॉकवुड होटल्स के कंसोर्टियम का चयन किया गया है। समझौते के मुताबिक कंसोर्टियम को अपने खर्च पर JPNIC में बचे हुए सभी निर्माण, इंटीरियर, इलेक्ट्रिकल और फायर से जुड़े काम दो साल के भीतर पूरे कर संचालन शुरू करना होगा।
200 से 250 करोड़ रुपये में पूरे होंगे बाकी काम
JPNIC में अभी कई कार्य अधूरे हैं। इन्हें पूरा कराने में करीब 200 से 250 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह राशि चयनित कंसोर्टियम को अपने स्तर से खर्च करनी होगी।
इसके अलावा कंसोर्टियम को LDA के पास 25 करोड़ रुपये की परफॉर्मेंस गारंटी जमा करनी होगी। स्वीकृति पत्र मिलने के बाद LDA को 10.11 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जाएगा।
LDA को हर साल मिलेगा राजस्व
JPNIC का संचालन शुरू होने के बाद कंसोर्टियम LDA को हर साल 6 करोड़ रुपये देगा। इस रकम में प्रतिवर्ष 5 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। लीज अवधि के अंतिम वर्षों में यह वार्षिक भुगतान करीब 35 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, JPNIC के निर्माण पर करीब 821 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। LDA इस राशि को अगले 30 वर्षों में शासन को वापस करेगा। उनके अनुसार, लंबी अवधि की लीज व्यवस्था से JPNIC के रखरखाव, अधूरे कार्यों और संचालन का खर्च व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
होटल से लेकर स्पोर्ट्स फैसिलिटी तक होगा संचालन
लीज पर लेने वाला कंसोर्टियम JPNIC में बने होटल, कन्वेंशन सेंटर, ऑडिटोरियम, पार्किंग और स्पोर्ट्स फैसिलिटी का संचालन करेगा। हालांकि, म्यूजियम ब्लॉक का संचालन LDA के पास ही रहेगा।
JPNIC में स्पोर्ट्स और क्लब मेंबरशिप की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इसके लिए लोगों को शुल्क देना होगा। मेंबरशिप की दरें कंसोर्टियम खुद तय नहीं करेगा, बल्कि इसके लिए गठित कमेटी दरों का निर्धारण करेगी।
मार्च 2026 में जारी हुआ था ग्लोबल टेंडर
JPNIC के संचालन के लिए LDA ने मार्च 2026 में ग्लोबल टेंडर जारी किया था। इसमें तीन बड़ी कंपनियों ने हिस्सा लिया। निविदाओं के परीक्षण और मूल्यांकन के बाद ओपन बिड के जरिए वृंदावन बॉटलर्स एंड रॉकवुड होटल्स के कंसोर्टियम का चयन किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, रॉकवुड होटल्स दुबई और न्यूयॉर्क समेत कई देशों में होटल कारोबार संचालित करता है, जबकि वृंदावन बॉटलर्स प्रदेश की प्रमुख बॉटलिंग कंपनियों में शामिल है।
इस व्यवस्था के बाद JPNIC को एक आधुनिक बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित करने और इसे जल्द जनता के लिए शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।


