भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सालाना आम बैठक (AGM) 18 सितंबर को मुंबई में होने जा रही है। इस बैठक में भारतीय क्रिकेट से जुड़े कई अहम मुद्दों पर फैसला लिया जा सकता है। सबसे खास तौर पर IPL गवर्निंग काउंसिल के दो पदों के चुनाव और अंडमान एंड निकोबार को BCCI की सदस्यता देने के प्रस्ताव पर चर्चा होने की संभावना है।
IPL चेयरमैन के पद पर होगा चुनाव
BCCI सचिव देवजीत सैकिया के मुताबिक, IPL गवर्निंग काउंसिल के दो पदों के लिए चुनाव होंगे। इनमें से एक पद IPL चेयरमैन का है। फिलहाल इस पद पर अरुण सिंह धूमल हैं।
BCCI ने सभी फुल मेंबर्स को चुनाव प्रक्रिया को लेकर नोटिस भेज दिया है। प्रतिनिधियों के नाम शामिल कराने के लिए 31 अगस्त तक आवेदन किया जा सकता है। वहीं, वोटरों की अंतिम सूची 1 सितंबर को जारी होगी।
नामांकन प्रक्रिया 10 सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी, जबकि उम्मीदवारों के नाम 11 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।
IPL चेयरमैन के अलावा दूसरे पद के लिए लोकपाल और एथिक्स ऑफिसर का चुनाव भी किया जाना है।
ICC प्रतिनिधि की नियुक्ति भी एजेंडे में
BCCI की सालाना बैठक के एजेंडे में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में बोर्ड के प्रतिनिधि या प्रतिनिधियों की नियुक्ति का मुद्दा भी शामिल है। ऐसे में AGM के दौरान इस पर भी महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है।
अंडमान एंड निकोबार को मिल सकती है सदस्यता
बैठक में अंडमान एंड निकोबार को एसोसिएट सदस्य का दर्जा देने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है। BCCI ने इस संबंध में अपने सदस्य राज्यों को नोटिस भेजा है।
अगर अंडमान एंड निकोबार को सदस्यता मिलती है, तो टीम को तुरंत घरेलू क्रिकेट में खेलने का मौका नहीं मिलेगा। हालांकि, अलग क्रिकेट एसोसिएशन बनने से क्षेत्र में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे और प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
घरेलू क्रिकेट में बढ़ सकती हैं टीमों की संख्या
फिलहाल BCCI के 38 फुल मेंबर हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश से तीन अलग-अलग रणजी टीम बनाने की मांग भी उठ रही है। हालांकि, BCCI ने इस मांग पर अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया है।
ऐसे में आगामी AGM भारतीय घरेलू क्रिकेट के भविष्य के लिहाज से भी काफी अहम मानी जा रही है। IPL चेयरमैन के चुनाव के साथ-साथ नई सदस्यता और घरेलू क्रिकेट के विस्तार से जुड़े फैसलों पर सभी की नजर रहेगी।


