यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी क्रेज था और एडवांस बुकिंग को भी शानदार रिस्पॉन्स मिला। अब फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने वाले दर्शकों ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा करना शुरू कर दिया है। शुरुआती रिव्यू में फिल्म को लेकर दर्शकों की राय बंटी हुई नजर आ रही है।
सोशल मीडिया पर कैसी है ‘टॉक्सिक’ को लेकर राय?
सोशल मीडिया पर सामने आ रहे शुरुआती रिएक्शन में यश की स्क्रीन प्रेजेंस, फिल्म की प्रोडक्शन वैल्यू और टेक्निकल प्रेजेंटेशन की काफी तारीफ हो रही है। वहीं, कई दर्शकों को फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले कमजोर लगी है।
कुछ दर्शकों का कहना है कि फिल्म का फर्स्ट हाफ काफी बिखरा हुआ है और कहानी को समझने में परेशानी होती है। वहीं कुछ लोगों ने फिल्म में ‘KGF’ की झलक ज्यादा महसूस होने की बात भी कही है।
एक सोशल मीडिया यूजर ने फिल्म के फर्स्ट हाफ को कमजोर बताते हुए कहा कि टेक्निकल क्वालिटी अच्छी होने के बावजूद स्क्रीनप्ले काफी अनमैनेज्ड और थकाऊ लगता है। यूजर के मुताबिक, एक्शन में टेक्नोलॉजी के ज्यादा इस्तेमाल से कुछ सीन्स बनावटी महसूस होते हैं। हालांकि, यश और कियारा आडवाणी के कुछ सीन्स को बेहतर बताया गया है।
यश के अंदाज ने जीता दर्शकों का दिल
दूसरी ओर, कई दर्शकों को यश का स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस काफी पसंद आया है। फिल्म की प्रोडक्शन वैल्यू और एक्शन सीन्स की भी तारीफ की जा रही है।
एक दर्शक ने ‘टॉक्सिक’ को बेहद स्टाइलिश बताते हुए यश और फिल्म की शानदार प्रोडक्शन वैल्यू की तारीफ की। खासतौर पर सर्कस वाला फाइट सीन दर्शकों को पसंद आया। हालांकि, इसी रिव्यू में किरदारों के ठीक से परिचय न होने, कमजोर डायलॉग्स और इमोशनल कनेक्शन की कमी को फिल्म की कमियां बताया गया।
कहानी और स्क्रीनप्ले पर उठे सवाल
शुरुआती सोशल मीडिया रिएक्शन से साफ है कि ‘टॉक्सिक’ को लेकर दर्शकों की राय एक जैसी नहीं है। जहां एक तरफ यश का स्वैग, एक्शन और फिल्म का विजुअल ट्रीटमेंट तारीफ बटोर रहा है, वहीं दूसरी तरफ कहानी, स्क्रीनप्ले, किरदारों की डेवलपमेंट और इमोशनल कनेक्शन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, ये शुरुआती सोशल मीडिया रिएक्शन हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों और क्रिटिक्स की विस्तृत राय सामने आने के बाद ही इसकी ओवरऑल स्थिति ज्यादा साफ हो पाएगी।


