उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 41 PCS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। तबादला सूची में नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी (SDM), अपर जिलाधिकारी (ADM), अपर आयुक्त और विभिन्न विकास प्राधिकरणों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और बेहतर कार्य संचालन की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
तबादले के तहत महेंद्र कुमार सिंह को वाराणसी का नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह अयोध्या विकास प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी के पद पर तैनात थे। वहीं बिंदु लता को जौनपुर SDM से कानपुर नगर का अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) बनाया गया है।
संजय चावला को आजमगढ़ SDM से पदोन्नत कर आजमगढ़ का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है। कुंवर पंकज को महोबा ADM (वित्त एवं राजस्व) से झांसी मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा जौनपुर के नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नन्दन सिंह को महोबा का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। महिपाल सिंह को प्रधान प्रबंधक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ से हटाकर नगर मजिस्ट्रेट जौनपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
कई अन्य अधिकारियों को भी नई तैनाती मिली है। विजय सिंह को बरेली SDM से हमीरपुर में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति) बनाया गया है। नवीन कुमार श्रीवास्तव को मेरठ नगर मजिस्ट्रेट से मुरादाबाद मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
लखनऊ में भी बदलाव करते हुए जगमोहन गुप्ता को नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। वहीं चांदचंद्र गुप्ता को लखनऊ नगर मजिस्ट्रेट पद से हटाकर बरेली का अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है।
इसके साथ ही कई अधिकारियों को विभिन्न जिलों और विकास प्राधिकरणों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रशासनिक स्तर पर किए गए इस बड़े फेरबदल के बाद अब नए पदों पर अधिकारियों के कार्यभार संभालने की प्रक्रिया शुरू होगी।


