उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के थाना चंडोस क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से यह हादसा हुआ, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया युवक के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान वंश प्रताप के रूप में हुई है, जो अपने भाई के साथ घर से बाजार के लिए निकला था।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लगा दी और चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर थाना चंडोस पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन परिजन और ग्रामीण आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस ने अतिरिक्त बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया और आग पर काबू पाया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।


