सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर JDU का बयान, कहा- सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए

shikha verma
2 Min Read

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को लेकर अब एनडीए के नेताओं की ओर से भी प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। विपक्षी नेताओं के समर्थन के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने भी इस मामले पर अपनी राय रखी है।

बिहार सरकार के मंत्री और JDU नेता भगवान सिंह कुशवाहा ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह सोनम वांगचुक की मांगों पर ध्यान दे और उनसे बातचीत करे।

JDU नेता ने सरकार को दी सलाह

भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि जब कोई व्यक्ति अनशन पर बैठा है, तो सरकार को उसकी बात सुननी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार की ओर से किसी प्रतिनिधिमंडल को भेजकर सोनम वांगचुक से बातचीत की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, “हल निकले या न निकले, लेकिन जब कोई व्यक्ति अनशन पर है तो उसकी बात सुनना जरूरी है। सरकार के किसी प्रतिनिधि को जाकर उनसे मिलना चाहिए।”

उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह दिल्ली में होते तो खुद जाकर सोनम वांगचुक से मुलाकात करते।

LJP (रामविलास) ने भी दी प्रतिक्रिया

एनडीए में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता डॉ. विनीत सिंह ने कहा कि सरकार सोनम वांगचुक की मांगों पर विचार कर रही होगी और उचित समय पर इस पर बातचीत होगी।

उन्होंने सोनम वांगचुक से अपील करते हुए कहा कि वे अनशन समाप्त करें और बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर है और जो भी उचित होगा, उस पर फैसला लिया जाएगा।

लगातार बढ़ रहा है समर्थन

सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को लेकर कई राजनीतिक दलों और फिल्म जगत की हस्तियों ने चिंता जताई है। नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस मामले में संवाद के जरिए समाधान निकालने की जरूरत है। फिलहाल सोनम वांगचुक का अनशन जारी है और उनकी मांगों को लेकर सरकार की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment