सीएम योगी बोले- अब बहन-बेटियों को पानी ढोने की मजबूरी नहीं

shikha verma
2 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ललितपुर जिले को 1766 करोड़ रुपये की 221 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

कार्यक्रम का आयोजन तुवन मंदिर मैदान में किया गया, जहां मुख्यमंत्री ने राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ललितपुर की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले के समय में ललितपुर विकास से वंचित रहा, लेकिन अब यहां तेजी से आधारभूत ढांचे का विस्तार हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब बुंदेलखंड क्षेत्र में ‘हर घर जल’ योजना के तहत स्वच्छ पेयजल घर-घर पहुंच रहा है, जिससे महिलाओं को पानी ढोने की समस्या से राहत मिली है।

सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर ललितपुर की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि सिंचाई परियोजनाओं के पूरा होने से किसानों की आय में सुधार हुआ है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि ललितपुर में 1500 एकड़ में प्रदेश का पहला फार्मा पार्क स्थापित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही बुंदेलखंड में बड़े औद्योगिक क्षेत्र के विकास की भी योजना है।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment