NEET पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ जयपुर में CJP का प्रदर्शन

shikha verma
2 Min Read

राजस्थान की राजधानी जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आज शहीद स्मारक पर नीट पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदर्शन दोपहर 3 बजे शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के शामिल होने की संभावना है।

पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जयपुर पहुंच चुके हैं। इससे पहले संगठन ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी बड़ा प्रदर्शन किया था, जहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई थी।

जयपुर में होने वाले प्रदर्शन को लेकर पार्टी ने कार्यकर्ताओं के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने अपील की है कि प्रदर्शन में शामिल लोग अपने साथ तिरंगा, किताब और फूल लेकर आएं। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि देशभर के छात्रों और अभिभावकों की आवाज है।

प्रदर्शन को लेकर प्रशासन ने सशर्त अनुमति दी है। जयपुर पुलिस ने शुरुआत में अनुमति देने से इनकार किया था, लेकिन बाद में 800 लोगों की सीमा के साथ अनुमति प्रदान की गई। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था का उल्लंघन नहीं होना चाहिए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

CJP का यह आंदोलन अब अन्य राज्यों में भी फैलता दिख रहा है और संगठन इसे शिक्षा सुधार और बेरोजगारी के खिलाफ एक राष्ट्रीय अभियान के रूप में प्रस्तुत कर रहा है।

Share This Article
Leave a Comment