अदिति यादव मामले पर गरमाई सियासत, सीएम योगी ने दी पहली प्रतिक्रिया

shikha verma
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर हुई कथित अभद्र टिप्पणियों के मामले पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। आजमगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि “बेटी का सम्मान सबसे ऊपर है और किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।”

सीएम योगी ने कहा कि जैसे ही यह मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग दूसरों को उपदेश देते हैं, उन्हें पहले अपने समर्थकों को भी भाषा और व्यवहार में संयम रखने की सीख देनी चाहिए। सीएम योगी ने कहा, “अखिलेश यादव को अपने चेले-चपाटों को समझाना चाहिए कि वे मर्यादित भाषा का प्रयोग करें।”

उन्होंने आगे कहा कि समाज में बहन-बेटियों के सम्मान को लेकर कोई समझौता नहीं होना चाहिए और हर किसी को इस पर जिम्मेदारी से व्यवहार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई नहीं समझता है तो प्रशासन को कार्रवाई करनी ही होगी।

10 जून को सोशल मीडिया पर अदिति यादव के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां सामने आई थीं, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। इस घटना के बाद कानपुर में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment