अखिलेश यादव की बेटी मामले पर बोले CM योगी, सपा पर साधा निशाना

shikha verma
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर हुई कथित अभद्र टिप्पणियों के मामले पर पहली प्रतिक्रिया दी है। आजमगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि “बेटी, बेटी होती है और उसका सम्मान होना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि उन्होंने जैसे ही इस मामले की जानकारी मिली, तुरंत पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।

इसी दौरान उन्होंने सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अपने “चेले-चपाटों” को समझाना चाहिए कि भाषा में संयम रखें। उन्होंने कहा, “दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने लोगों को भी समझाना चाहिए।”

सीएम योगी ने आगे कहा कि कुछ लोग अक्सर बहन-बेटियों और अन्य लोगों पर टिप्पणी करते हैं, पहले उन्हें अपने व्यवहार पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वे नहीं समझा सकते तो सरकार को बताएं, प्रशासन उन्हें समझा देगा।

इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर बिना नाम लिए बीजेपी पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके परिवार को लेकर राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है।

यह मामला 10 जून का बताया जा रहा है, जब सोशल मीडिया पर अदिति यादव के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां सामने आईं। इसके बाद कानपुर में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment