दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल अग्निकांड मामले में गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज को लेकर जांच में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि लवकेश बजाज का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वह पहले भी जेल जा चुका है।
सूत्रों के अनुसार, जनवरी 2025 में उसे एक फर्जी पासपोर्ट मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें बांग्लादेशी नागरिकों को कथित तौर पर फर्जी भारतीय दस्तावेज और पासपोर्ट उपलब्ध कराने का आरोप था। इस मामले में वह करीब 15 दिन तिहाड़ जेल में रहा था और बाद में जमानत पर रिहा हुआ था। यह मामला अभी भी अदालत में विचाराधीन है।
वर्तमान होटल अग्निकांड मामले में भी जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से साकेत कोर्ट ने उसे 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस दौरान पुलिस उससे हादसे की परिस्थितियों और होटल संचालन को लेकर पूछताछ कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के बाद लवकेश बजाज मौके से फरार हो गया था और कुछ समय तक सड़कों पर घूमता रहा। पुलिस के अनुसार, उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह हादसे के समय डर के कारण वहां से भाग गया था।
होटल के संचालन को लेकर भी कई गंभीर सवाल उठे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि होटल का संचालन कैसे किया जा रहा था और सुरक्षा मानकों का पालन किस स्तर तक किया गया था। मामले में होटल के स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


