रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने पर प्रदेश की माताओं और बहनों में खासा उत्साह देखने को मिला। योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद के दौरान कई बुजुर्ग महिलाएं भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि अब उन्हें यात्रा के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और किराये की चिंता किए बिना अयोध्या, काशी समेत प्रदेश के अन्य स्थानों की यात्रा कर सकेंगी।
मुख्यमंत्री को सामने देखते ही कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष किया। वहीं, युवा छात्राओं ने सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर गर्व है।
‘अब जहां मन होगा, वहां जा सकेंगे’
गोसाईंगंज की गणेश देवी ने निशुल्क यात्रा सुविधा को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि अब यात्रा के दौरान किराये की चिंता नहीं रहेगी और वह अधिक आसानी से कहीं भी जा सकेंगी।
राजरानी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने महिलाओं को बड़ी सुविधा दी है। अब जहां जाने की इच्छा होगी, वहां जाने में आर्थिक परेशानी आड़े नहीं आएगी। लखनऊ के निजामपुर की मिठाना देवी ने भी योजना की सराहना करते हुए कहा कि अब यात्रा के लिए किसी दूसरे व्यक्ति पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी।
कई बुजुर्ग महिलाओं ने बताया कि वह लंबे समय से अयोध्या और काशी जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा करना चाहती थीं। किराये की चिंता कम होने से अब उनके लिए तीर्थयात्रा करना आसान हो जाएगा।
छात्राओं में भी दिखा उत्साह
रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा की सुविधा को लेकर छात्राओं में भी उत्साह नजर आया। मुंशी पुलिया निवासी और नारी शिक्षा निकेतन पीजी कॉलेज की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा अंजली श्रीवास्तव ने बताया कि वह रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने जाएंगी और इस सुविधा का लाभ उठाएंगी।
जानकीपुरम की आस्था राजपूत ने कहा कि वह अपनी मां के साथ भाई को राखी बांधने जाएंगी और दोनों निशुल्क यात्रा का लाभ लेंगी। खदरा की शगुन निषाद ने भी योजना को महिलाओं के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में महिलाओं को साड़ी और मिठाई भी दी गई।
अहमामऊ की रचना रावत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात को अपने लिए खास अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं के बारे में जानकर उनका उत्साह बढ़ा है।
‘महिलाओं और बच्चों के लिए सरकार की योजनाएं सराहनीय’
फैजुल्लागंज की हिना परवीन ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के लिए सरकार की योजनाओं को देखकर उन्हें खुशी होती है। वहीं, सिद्धार्थनगर की दिव्या पाठक ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता को लेकर सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।
कार्यक्रम में सरोजनीनगर की कृष्णावती, जनक दुलारी और उबराजा समेत बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं भी पहुंचीं। इनमें कई महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और सिलाई, कताई-बुनाई जैसे कार्यों के जरिए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
महिलाओं ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
संवाद के दौरान उन्नाव की सुनीता अवस्थी ने महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि निशुल्क यात्रा की सुविधा से उन महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें यात्रा के लिए परिवार के सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता है।
उन्नाव की पुष्पा ने भी मुफ्त बस सेवा को महिलाओं के लिए उपयोगी पहल बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल से महिलाओं को आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी।
लखनऊ की उषा पाल ने कहा कि अब महिलाओं को यात्रा के लिए किसी की मदद का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वह अपनी जरूरत और इच्छा के अनुसार यात्रा कर सकेंगी।
‘अब मंदिर, अयोध्या और बनारस जाना आसान’
सीतापुर की रीता सक्सेना ने निशुल्क बस यात्रा की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब सीतापुर से लखनऊ आने-जाने में आसानी होगी और महिलाओं को किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
रीता ने कहा कि अब जब भी इच्छा होगी, महिलाएं मंदिर, अयोध्या या बनारस की यात्रा कर सकेंगी। गाजीपुर की लायका खातून ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस सुविधा से महिलाओं का सफर आसान होगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब जनता अच्छी सरकार चुनती है तो उसे सरकार की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिलता है। रक्षाबंधन से पहले शुरू की गई निशुल्क यात्रा सुविधा को लेकर महिलाओं में उत्साह साफ नजर आया और कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ संवाद के दौरान उन्होंने अपने अनुभव भी साझा किए।


