रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को बड़ी सौगात दी है। प्रदेश में 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और सिटी बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस दौरान महिला यात्रियों के साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
इसी अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना की शुरुआत की और विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। योजना के तहत 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को विशेष रूप से मुफ्त बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
सीएम योगी ने विशेष बसों को दिखाई हरी झंडी
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान बारिश के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बसों में सवार महिलाओं ने सरकार की इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।
मुख्यमंत्री ने भी महिलाओं का अभिवादन स्वीकार किया और बस में मौजूद महिला यात्रियों के साथ सेल्फी लेकर उनके साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी दीं।
बुजुर्ग महिलाओं को स्मार्ट कार्ड समेत उपहार
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के तहत 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को स्मार्ट कार्ड वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने महिला यात्रियों को बैग, साड़ी और मिठाई देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद महिलाओं से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना। उपहार प्राप्त करने वाली महिलाओं में राजरानी, गणेश देवी, कलावती, मिठाना, प्रभुदेई, शम्मी, शांति देवी, मंजूलता, शिवकली, द्रौपदी और मीरा समेत अन्य महिलाएं शामिल थीं।
रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा
सरकार की इस पहल के तहत रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाएं 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात तक परिवहन निगम और सिटी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। महिला यात्री के साथ एक सहयोगी को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य त्योहार के दौरान महिलाओं और बहनों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ के जरिए वरिष्ठ महिलाओं को सम्मान और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा देने की दिशा में भी कदम बढ़ाया गया है।
रक्षाबंधन से पहले शुरू की गई इस योजना को प्रदेश की महिलाओं के लिए सरकार की ओर से विशेष सौगात के तौर पर देखा जा रहा है।


