महाकाल मंदिर के पास होटल का वीडियो वायरल, नॉनवेज विवाद में 4 पर FIR

Bole India
3 Min Read

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के पास स्थित एक होटल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। होटल के किचन का एक कथित सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया। वीडियो में किचन के अंदर मांस जैसे टुकड़े दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, जिसके बाद कई संगठनों और साधु-संतों ने इसका विरोध जताया है।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में होटल के किचन के अंदर कुछ कर्मचारी आपस में बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। बातचीत में “मुर्गा-मछली वाले हाथ धो लेना” जैसी बात भी सुनाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद हिंदूवादी संगठनों और साधु-संतों ने नाराजगी जताई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि महाकाल मंदिर के आसपास इस तरह की गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं।

चार पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज

इस पूरे मामले में होटल प्रबंधन ने महाकाल थाना पुलिस को शिकायत देकर होटल के चार पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रियंका पटेल, राकेश सेन, हरिशंकर साहू और अर्पित तिवारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CCTV से छेड़छाड़ का आरोप

होटल के मैनेजर सतीश पाठक का कहना है कि वायरल वीडियो में नॉनवेज बनने का आरोप गलत है। उनके मुताबिक किचन में जो डिश बन रही थी, वह दही और ब्रेड से तैयार की जाने वाली पूरी तरह शाकाहारी डिश थी। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल के चारों पूर्व कर्मचारियों ने साजिश के तहत होटल की ईमेल आईडी का गलत इस्तेमाल कर सीसीटीवी फुटेज चुराया और उसे एडिट कर वायरल कर दिया। पुलिस ने शुरू की जांच

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार, आरोप है कि चारों कर्मचारियों ने अनधिकृत रूप से होटल की ईमेल आईडी से सीसीटीवी फुटेज हासिल किया। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और पूरे प्रकरण की पड़ताल की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment