UPPSC Engineering Service 2024: रिजल्ट का इंतजार जल्द होगा खत्म, हाईकोर्ट में आयोग की तेज पैरवी

shikha verma
2 Min Read

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा (सामान्य/विशेष चयन) प्रारंभिक परीक्षा-2024 का परिणाम जल्द जारी करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। परिणाम घोषित करने में आ रही कानूनी अड़चन को दूर करने के लिए आयोग ने हाईकोर्ट में अपनी पैरवी तेज कर दी है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि वह अभ्यर्थियों की चिंताओं के प्रति गंभीर है और परीक्षा परिणाम जल्द से जल्द घोषित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है। प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम से संबंधित 42 अभ्यर्थियों की ओर से दायर याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की एकल पीठ ने 25 सितंबर 2025 को फैसला सुनाया था। इस निर्णय के विरुद्ध आयोग ने विशेष अपील दाखिल की है।

आयोग के मुताबिक, विशेष अपील का जल्द निस्तारण उसकी प्राथमिकता है। मामले में प्रभावी पैरवी के लिए वरिष्ठ अधिवक्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोग की ओर से न्यायालय में मामले की शीघ्र सुनवाई और निस्तारण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

यह मामला 13 अगस्त 2026 को इलाहाबाद हाईकोर्ट की दैनिक कार्यसूची में शीर्ष 10 मुकदमों में शामिल था। हालांकि, उस दिन मामले की सुनवाई नहीं हो सकी और इसे आगे के लिए टाल दिया गया।

आयोग का कहना है कि हाईकोर्ट से मामले का निस्तारण होते ही राज्य अभियंत्रण सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2024 का परिणाम जारी करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि परिणाम घोषित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment