यूपी में कनिष्ठ सहायक भर्ती का अंतिम परिणाम जारी, 50 अभ्यर्थियों का चयन

shikha verma
3 Min Read

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने औद्योगिक विकास विभाग में कनिष्ठ सहायक के पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा के आधार पर घोषित परिणाम में कुल 50 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आयोग ने चयन प्रक्रिया में निर्धारित नियमों, मेरिट और आरक्षण प्रावधानों का पालन करने की जानकारी दी है।

62 से घटकर 54 हुए पद

आयोग के मुताबिक, कनिष्ठ सहायक के कुल 62 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभ में ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। बाद में विभाग की ओर से प्राप्त संशोधित अधियाचन के आधार पर पदों की संख्या घटाकर 54 कर दी गई। संशोधित पदों के अनुरूप आयोग ने चयन प्रक्रिया पूरी करते हुए 50 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित किया है।

आरक्षण के नियमों के अनुसार चयन

अंतिम रूप से चयनित 50 अभ्यर्थियों में 34 अनारक्षित, 7 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), 5 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), 3 अनुसूचित जाति (एससी) और 1 अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग से हैं।

आयोग ने बताया कि क्षैतिज आरक्षण के अंतर्गत आने वाले अभ्यर्थियों को उनकी मूल श्रेणी में नियमानुसार समायोजित किया गया है। महिला और दिव्यांगजन समेत अन्य क्षैतिज आरक्षण श्रेणियों में भी निर्धारित नियमों के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी की गई। जिन श्रेणियों में पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हुए, वहां नियमानुसार पदों को आगे बढ़ाते हुए अन्य पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

श्रेणीवार कटऑफ भी जारी

अंतिम परिणाम के साथ आयोग ने श्रेणीवार कटऑफ अंक भी जारी किए हैं। अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 65 अंक, ओबीसी की 62.50 अंक, ईडब्ल्यूएस की 63.75 अंक, एससी की 26.75 अंक और एसटी की 50 अंक रही।

दिव्यांगजन की एएसडी/एचएच/डीई/ओएच श्रेणी की कटऑफ 54.75 अंक, जबकि दिव्यांगजन की अन्य श्रेणी की कटऑफ 44.25 अंक दर्ज की गई। महिला अभ्यर्थियों के लिए कटऑफ 42 अंक रही।

न्यायालय में लंबित मामलों के आदेश के अधीन रहेगा परिणाम

आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम चयन परिणाम उच्च न्यायालय में लंबित संबंधित याचिकाओं में पारित होने वाले आदेशों के अधीन रहेगा। इसके अलावा पांच अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से चयन प्रक्रिया में शामिल किया गया है। इनका अंतिम चयन आयोग के निर्णय के अधीन रहेगा।

आयोग की वेबसाइट पर चयनित अभ्यर्थियों के नाम और श्रेणीवार कटऑफ उपलब्ध करा दी गई है। भर्ती परिणाम जारी होने के साथ ही अभ्यर्थियों के लंबे समय से चले आ रहे इंतजार पर भी विराम लग गया है।

Share This Article
Leave a Comment