उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल पद्म विभूषण स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की पांचवीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार, 21 अगस्त को लखनऊ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।
‘हिंदू गौरव दिवस’ के रूप में होगा आयोजन
कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम को ‘हिंदू गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में उनके सार्वजनिक जीवन, राजनीतिक योगदान और राष्ट्रहित में किए गए कार्यों को याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अवसर पर बाबूजी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कल्याण सिंह के विचारों, सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के विकास में उनकी भूमिका को भी स्मरण किया जाएगा। उनके सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं और प्रदेश की राजनीति में उनके योगदान पर वक्ताओं द्वारा प्रकाश डाला जाएगा।
परिवार और कई नेता रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वर्गीय कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्य और कई प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। उनके पुत्र एवं पूर्व सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ समेत तमाम राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां भी कार्यक्रम में शामिल होंगी।
कल्याण सिंह का उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। उनकी पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके राजनीतिक जीवन, विचारों और प्रदेश के प्रति योगदान को याद करने का अवसर होगा।


