सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर में एक अनोखा नजारा देखने को मिला। बागपत के रहने वाले शिवभक्त सुनील आंखों पर पट्टी बांधकर गंगाजल लेकर करीब 180 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। उनके साथ एक गाय भी यात्रा में शामिल है, जो राहगीरों और कांवड़ियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
बागपत जिले के शाहपुर बड़ौली गांव निवासी सुनील अपने साथियों के साथ हरिद्वार की हर की पौड़ी से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। उनके मुताबिक, 4 अगस्त की रात गंगाजल उठाने के साथ ही उन्होंने अपनी आंखों पर पट्टी बांध ली थी। वह इस पट्टी को 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद ही खोलेंगे।
आंखों पर पट्टी बांधकर दे रहे संदेश
सुनील का कहना है कि आंखों पर पट्टी बांधकर यात्रा करने के पीछे एक विशेष संदेश है। उनका उद्देश्य समाज का ध्यान गौ माता के प्रति हो रहे कथित अत्याचारों की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने गौ माता की रक्षा, गौ हत्या पर प्रभावी रोक और गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि आंखों पर पट्टी बांधना इस बात का प्रतीक है कि समाज गौ माता के प्रति हो रहे अत्याचारों को अनदेखा न करे। सुनील के साथ यात्रा में चल रही गाय भी लोगों का ध्यान खींच रही है और रास्ते में कई लोग इसे देखने के लिए रुक रहे हैं।
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट
हर साल हरिद्वार से लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर मुजफ्फरनगर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न मार्गों से गुजरते हैं। कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए जाते हैं।
उत्तर प्रदेश में कांवड़ियों के स्वागत के लिए कई स्थानों पर पुष्पवर्षा भी की जाती है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ में कांवड़ियों का पुष्पवर्षा के जरिए स्वागत करेंगे। इसके लिए कांवड़ यात्रा मार्ग पर विशेष मंच तैयार किया गया है।


