‘प्रयागराज WOW, झारखंड छी…’, राहुल गांधी के दौरे से पहले पोस्टर वार, BJP ने साधा निशाना

shikha verma
3 Min Read

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले शहर में पोस्टर वार शुरू हो गया है। प्रयागराज के कई इलाकों में राहुल गांधी के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें उनके दौरे और झारखंड को लेकर तंज कसा गया है। पोस्टर सामने आने के बाद शहर का सियासी माहौल गरमा गया है।

इन पोस्टरों में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ अलग-अलग संदेश लिखे गए हैं। एक पोस्टर पर लिखा है, ‘NEET पर HYPOCRISY की भी सीमा होती है!’ वहीं राहुल गांधी की तस्वीर के साथ ‘प्रयागराज WOW’ लिखा गया है, जबकि दूसरी तस्वीर के साथ ‘झारखंड छी…’ का जिक्र किया गया है।

इसी तरह एक अन्य पोस्टर में लिखा गया है, ‘कब आओगे मेरे राहुल? तुम्हें झारखंड बुलाता है।’ इन पोस्टरों के जरिए राहुल गांधी के राजनीतिक रुख और उनके विभिन्न राज्यों में उठाए जाने वाले मुद्दों पर सवाल खड़े किए गए हैं।

छात्रों के मुद्दे पर बीजेपी का राहुल गांधी पर हमला

राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे को लेकर बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने भी कांग्रेस नेता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राहुल गांधी राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं होगा।

राकेश त्रिपाठी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में छात्रों और युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए बीजेपी सरकार ने कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही कौशल विकास से जोड़ने का काम किया है।

‘युवा राहुल गांधी के मुगालते में नहीं आएगा’

बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि प्रदेश में सरकारी क्षेत्र में नौ लाख से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं और उत्तर प्रदेश को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा अब अपने भविष्य को लेकर जागरूक है और वह राहुल गांधी के राजनीतिक दावों के बहकावे में नहीं आने वाला।

राकेश त्रिपाठी ने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें प्रयागराज दौरे के दौरान अपने दादा और पूर्व सांसद फिरोज जहांगीर गांधी की कब्र पर भी पुष्प अर्पित करने चाहिए।

राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले सामने आए इन पोस्टरों और बीजेपी के बयान के बाद शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

Share This Article
Leave a Comment