उत्तर प्रदेश के मथुरा में ट्रैफिक पुलिस कार्यालय में तैनात एक सब इंस्पेक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान पंकज यादव के रूप में हुई है। वह मथुरा ट्रैफिक पुलिस कार्यालय में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे और मूल रूप से एटा जिले के पिलुआ क्षेत्र के रहने वाले थे।
गोकुल बैराज के पास मिला शव
जानकारी के मुताबिक, घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र में गोकुल बैराज के पास हुई। शुरुआती जांच में पुलिस को गोली लगने से मौत की जानकारी मिली है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पंकज को घटना वाले दिन ही सर्विस पिस्तौल जारी की गई थी। इसी हथियार से घटना होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पारिवारिक विवाद की बात सामने आई
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि विस्तृत जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मौके से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक की पत्नी भी पुलिस में तैनात
पंकज यादव की पत्नी भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। वह मथुरा जिले में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं और सदर थाने में उनकी पोस्टिंग है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों को सूचित कर दिया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


