उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पर सख्त रुख, CM धामी ने अफवाह फैलाने वालों को दी चेतावनी

shikha verma
3 Min Read

उत्तराखंड में जारी चारधाम और हेमकुंट साहिब यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का राज्य सरकार स्वागत करती है। उन्होंने प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए यात्रियों से अफवाहों से दूर रहने और यात्रा का आनंद लेने की अपील की।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग और नगरासू में हाल ही में सामने आए मामलों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जिन लोगों की भूमिका सामने आई है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तथ्यों के आधार पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएं और कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंट साहिब यात्रा में भी पिछले वर्ष की तुलना में शुरुआती चरण में अधिक संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करने की परंपरा का पालन करता है। हेमकुंट साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के साथ सभी का स्वागत किया जाता है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और भड़काऊ सूचनाओं को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा करने से बचें। साथ ही चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों की गरिमा, सामाजिक सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Share This Article
Leave a Comment