चारधाम यात्रा में 31 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे, स्वास्थ्य कारणों से 161 की मौत

shikha verma
2 Min Read

उत्तराखंड में जारी चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आमद देखने को मिल रही है। राज्य सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 31 लाख से अधिक श्रद्धालु विभिन्न धामों के दर्शन कर चुके हैं। हालांकि, इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और अन्य कारणों से 161 तीर्थयात्रियों की मौत भी दर्ज की गई है।

राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से केदारनाथ धाम में सबसे अधिक 11,05,676 श्रद्धालु पहुंचे हैं। वहीं, 23 अप्रैल से शुरू हुई बद्रीनाथ धाम यात्रा में 9,08,619 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके अलावा गंगोत्री धाम में 5,28,406 और यमुनोत्री धाम में 5,07,421 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। सिखों के प्रमुख तीर्थस्थल श्री हेमकुंड साहिब में अब तक 55,411 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका है।

चारधाम यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। अधिकारियों के अनुसार, केवल शनिवार को 61,262 श्रद्धालु 5,511 वाहनों के जरिए विभिन्न धामों तक पहुंचे। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक कुल 2,89,918 वाहन इन मार्गों का उपयोग कर चुके हैं।

इस बीच, यात्रा के दौरान होने वाली मौतों का आंकड़ा चिंता का विषय बना हुआ है। 19 अप्रैल से अब तक 161 श्रद्धालुओं की मृत्यु दर्ज की गई है। इनमें से 152 लोगों की मौत स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, जैसे हृदयाघात और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई। जबकि आठ लोगों की मौत विभिन्न दुर्घटनाओं में और एक व्यक्ति की मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई।

आंकड़ों के अनुसार, यमुनोत्री मार्ग पर सबसे अधिक 78 श्रद्धालुओं की मौत हुई है। इसके बाद केदारनाथ में 47, बद्रीनाथ में 20 और गंगोत्री क्षेत्र में 16 मौतें दर्ज की गई हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं और निर्धारित सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Share This Article
Leave a Comment