तुर्की में गिरफ्तार सलीम डोला, दाऊद गैंग के ड्रग नेटवर्क पर बड़ा वार

shikha verma
2 Min Read

भारत के कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला को तुर्की में गिरफ्तार कर लिया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय इस अपराधी की गिरफ्तारी को भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, तुर्की की एजेंसियों ने इस्तांबुल में कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ा।

सलीम डोला लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का संचालन कर रहा था। जांच में सामने आया है कि उसका नेटवर्क कई देशों तक फैला हुआ था और वह सिंथेटिक ड्रग्स के बड़े रैकेट से जुड़ा हुआ था। इसके अलावा, उसके संबंध भारत के मोस्ट वांटेड अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से भी बताए जा रहे हैं।

बताया जाता है कि सलीम डोला पहले मुंबई में सक्रिय था, लेकिन बाद में दुबई से अपने पूरे सिंडिकेट को संचालित करने लगा। इससे पहले, 2025 में उसके करीबी सहयोगियों और परिवार के कुछ सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

नारकोटिक्स कंट्रोल एजेंसियों ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था। उसकी गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि, उसे भारत लाना आसान नहीं माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, उसके पास विदेशी पासपोर्ट है और जिस देश में उसे पकड़ा गया है, वहां से सीधे प्रत्यर्पण संभव नहीं है। ऐसे में भारतीय एजेंसियां अन्य अंतरराष्ट्रीय माध्यमों के जरिए उसे देश लाने की कोशिश कर रही हैं।

सुरक्षा एजेंसियों को उम्मीद है कि सलीम डोला से पूछताछ में पूरे नेटवर्क के कई अहम राज सामने आ सकते हैं।

Share This Article
Leave a Comment