पंतनगर में 119वें अखिल भारतीय किसान मेले का सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारम्भ

Bole India
3 Min Read

उत्तराखंड के पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया तथा विश्वविद्यालय की विभिन्न प्रकाशनों का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता और देश के असली नायक हैं। किसानों की मेहनत और समर्पण से ही देश की खाद्य सुरक्षा मजबूत होती है और राष्ट्र विकास की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कृषि मेले किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं, जहां उन्हें नई तकनीकों और नवाचारों की जानकारी मिलती है तथा वैज्ञानिकों से सीधे संवाद का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के 10 करोड़ से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल रहा है। हाल ही में इस योजना की 22वीं किस्त जारी की गई है, जिससे उत्तराखंड के 9 लाख से अधिक किसानों को लाभ प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार द्वारा घेरबाड़ हेतु 25 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार पॉलीहाउस, एरोमा वैली और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों को बढ़ावा दे रही है। राज्य में अब तक 115 करोड़ रुपये की लागत से 350 पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 1200 करोड़ रुपये की लागत से नई सेब नीति लागू की गई है तथा कई योजनाओं में किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा राज्य में सात एरोमा वैली विकसित की जा रही हैं और ड्रैगन फ्रूट की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में फलों के उत्पादन में लगभग ढाई प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मशरूम उत्पादन 27 हजार मीट्रिक टन तक पहुंच गया है, जिससे राज्य देश में पांचवें स्थान पर आ गया है। वहीं शहद उत्पादन 3300 मीट्रिक टन के साथ उत्तराखंड देश में आठवें स्थान पर है।

इस अवसर पर पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि इस वर्ष मेले में 350 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं और प्रतिदिन लगभग 20 हजार लोग मेले में भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक तिलक राज बेहड़, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment