बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षकों के तबादले को लेकर बड़ा बयान दिया है। मंगलवार (16 जून 2026) को कैमूर दौरे के दौरान सहयोग शिविर को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर नई व्यवस्था तय की है, जिसके तहत शिक्षकों को उनके घर के नजदीक ही तैनात किया जाएगा।
सीएम ने बताया कि महिला शिक्षकों को उनके गांव के आसपास की पंचायतों में और पुरुष शिक्षकों को नजदीकी प्रखंडों में तैनाती दी जाएगी, ताकि उन्हें ज्यादा दूरी तय न करनी पड़े। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि तैनाती कहीं भी हो, पढ़ाई में किसी तरह की लापरवाही या बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “शिक्षकों का मुख्य काम बच्चों को पढ़ाना है और बिहार के भविष्य को मजबूत बनाना है, इसमें कोई भी समझौता नहीं होगा।”
कैमूर दौरे के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने मां मुंडेश्वरी धाम में पूजा-अर्चना भी की। इसके बाद उन्होंने विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि क्षेत्र में एयरपोर्ट, फोरलेन कनेक्टिविटी और रोपवे जैसी परियोजनाएं लाई जाएंगी। साथ ही उन्होंने जंगल सफारी और मंदिर के जीर्णोद्धार की भी बात कही।
कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सरकार सख्त रुख अपनाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अपराध करने वालों को बिहार छोड़ने की सलाह दी जाएगी, और यदि कोई नहीं मानता तो कानून के तहत तेज कार्रवाई की जाएगी।


