कांवड़ यात्रा को देखते हुए मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने नए रूट प्लान के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया है। इसके तहत एक अस्थायी थाना भी स्थापित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (यातायात) अतुल कुमार चौबे ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग के कुछ हिस्सों को कांवड़ियों के आवागमन के लिए आरक्षित रखा जाएगा। यात्रा को व्यवस्थित रखने के लिए 30 जुलाई से दिल्ली-हरिद्वार हाईवे और गंगनहर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाएगी।
इसके बाद 4 अगस्त से 12 अगस्त तक सभी प्रकार के वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लागू रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जारी किए गए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात नियमों का पालन करें।
रामपुर तिराहे पर बनाया गया अस्थायी थाना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित रामपुर तिराहे पर अस्थायी थाना स्थापित किया गया है। इसकी जिम्मेदारी उप निरीक्षक सुभाष चंद को दी गई है। थाने पर 18 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
हाईवे पर बढ़ेगी पुलिस गश्त
कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रमुख मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। इस साल कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने क्षेत्रों के शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे।
घाटों पर तैनात होंगे प्रशिक्षित गोताखोर
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि गंगा नहर मार्ग के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस के प्रशिक्षित गोताखोर तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा कांवड़ मार्ग पर आने वाली 113 शराब की दुकानों को पर्दों से ढकने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।


