मूसलाधार बारिश में बच्चे को लेकर पहुंची मां, सीएम योगी ने इलाज के लिए तत्काल मदद के दिए निर्देश

shikha verma
3 Min Read

सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। मूसलाधार बारिश के बावजूद सीतापुर से अपने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे के साथ पहुंचीं रोली ने मुख्यमंत्री से इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। उनकी परेशानी सुनकर सीएम योगी ने बच्चे के सिर पर हाथ रखकर उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और इलाज के लिए तत्काल अस्पताल का एस्टीमेट मंगाकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक समस्या किसी के लिए बाधा नहीं बनने दी जाएगी। सरकार जरूरतमंद मरीजों को उपचार के लिए लगातार आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट जल्द प्राप्त कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए और प्रस्ताव शासन को भेजा जाए। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पात्र मरीजों को उपचार के लिए सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।

अपनत्व के साथ सुनीं लोगों की समस्याएं

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से आत्मीयता के साथ उनकी समस्याएं पूछीं। उन्होंने एक-एक फरियादी से बातचीत करते हुए उनकी परेशानी जानी और संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े और उनकी समस्याओं के समाधान में किसी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

पुलिस और राजस्व मामलों में भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में पुलिस, राजस्व, चिकित्सा, भूमि विवाद और कब्जे सहित विभिन्न मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि फरियादी को वास्तविक राहत मिले।

Share This Article
Leave a Comment