हिमाचल में बड़ा लैंडस्लाइड, सड़क पर गिरा भारी मलबा, रास्ता बंद

Bole India
2 Min Read

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार को एक भयानक लैंडस्लाइड की घटना सामने आई, जिसका 45 सेकंड का वीडियो भी वायरल हो रहा है। चुराह उपमंडल के बघेईगढ़–चांजू सड़क मार्ग पर चुरसियो के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया और भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा।

इस हादसे के चलते सड़क पूरी तरह से बंद हो गई है और वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। राहत की बात यह रही कि लैंडस्लाइड के समय कोई वाहन मौके से नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना से पहले पहाड़ी से छोटे-छोटे पत्थर गिरने लगे थे, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत यातायात रोक दिया। समय रहते लिए गए इस फैसले से जान-माल का बड़ा नुकसान होने से बच गया।

लैंडस्लाइड का 45 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहले हल्की पत्थरबाजी और फिर अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा ढहते हुए देखा जा सकता है। मलबा पूरी सड़क को पार करते हुए खाई तक पहुंच गया।

फिलहाल सड़क पर भारी मलबा जमा है और मरम्मत कार्य जारी है। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे बघेईगढ़–चांजू मार्ग पर यात्रा करने से बचें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Share This Article
Leave a Comment