पूर्व भाजपाई सांसद के कथित बयान को लेकर समाजवादी पार्टी आक्रामक हो गई है। सपा ने इसे लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सीधा हमला बताते हुए चुनाव आयोग से तत्काल संज्ञान लेने और कार्रवाई की मांग की है। इसी मुद्दे पर सपा के मुख्य प्रवक्ता विजय द्विवेदी ने प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा पर जोरदार हमला बोला।
विजय द्विवेदी ने कहा कि बयान से यह साफ संकेत मिलता है कि जायज़ वोटों को कटवाने जैसी सलाह दी जा रही है, जो चुनावी मर्यादाओं का खुला उल्लंघन है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ऐसे बयान सही सोच को दर्शाते हैं, तो क्या कन्नौज की लोकसभा और तीनों विधानसभा सीटों पर जीत भी फर्जी वोटों के सहारे हासिल की गई?
सपा प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि बयान देने वाले नेता यह भूल गए कि उनकी बात खुद उनकी ही पार्टी के मुख्यमंत्री की सोच के उलट है। सपा ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो यह मुद्दा और तूल पकड़ेगा।


