CM धामी के निर्देश का असर, 12 घंटे में नंदा चौकी की एप्रोच रोड ठीक; आवागमन शुरू

shikha verma
3 Min Read

भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई नंदा चौकी स्थित पुल की एप्रोच रोड को प्रशासन ने तय समय में दुरुस्त कर दिया है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद बुधवार को मार्ग पर यातायात फिर से सुचारू रूप से शुरू हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए राहत एवं पुनर्स्थापन कार्य को पूरा किया।

मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे तेज बारिश के चलते नंदा चौकी पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे इलाके में आवागमन प्रभावित हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

12 घंटे में पूरा हुआ मरम्मत कार्य

लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन की टीम ने तेजी से काम करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर दी। इसके बाद मार्ग को आम लोगों के लिए खोल दिया गया। यातायात बहाल होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली। इस दौरान आवश्यक सेवाएं भी सामान्य रूप से संचालित हुईं, वहीं एक एंबुलेंस भी बिना किसी बाधा के मरीज को अस्पताल पहुंचाने में सफल रही।

लापरवाही की जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपदा की स्थिति में राहत और पुनर्स्थापन कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुल, एप्रोच रोड और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश भी दिए हैं।

प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार से स्पष्टीकरण मांगे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या निर्माण मानकों की अनदेखी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में जनता की सुरक्षा, सुगम यातायात और आपदा प्रबंधन सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आपात परिस्थितियों में प्रशासन को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

Share This Article
Leave a Comment