ज्वाइंट सीपी ने उत्तरी जोन के चार थानों का किया औचक निरीक्षण

Nikhil Malhotra
3 Min Read

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। शनिवार को उत्तरी जोन के चार थानों में उस समय पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई। जब ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर क्राइम एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार ने बिना पूर्व सूचना सैरपुर, बीकेटी, महिला थाना लखनऊ द्वितीय और महिंगवां थाने का औचक निरीक्षण किया। अचानक थानों पर पहुंचीं ज्वाइंट सीपी ने पुलिसिंग व्यवस्था से लेकर अभिलेखों के रखरखाव और पुलिसकर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं तक की बारीकी से पड़ताल की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जीडी कार्यालय, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस, मिशन शक्ति केंद्र, बैरक, मेस और थाना परिसर का जायजा लिया

उन्होंने थाने के रजिस्टर और अभिलेखों की स्थिति भी परखी। अधिकारियों से थाना स्तर पर पुलिसिंग व्यवस्था की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। महिंगवां थाने के निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट सीपी ने नव निर्माणाधीन थाना परिसर का भी जायजा लिया। निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता को मौके पर परखा।

उन्होंने कार्यदायी संस्था के एई सूरज शर्मा और निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने तथा काम को निर्धारित मानकों के अनुरूप जल्द पूरा करने के निर्देश दिए

महिंगवां थाने में सभी रजिस्टर अद्यावधिक पाए गए। सलामी में तैनात गार्द के प्रदर्शन की ज्वाइंट सीपी ने सराहना की। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई और उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सैरपुर, बीकेटी और महिला थाना लखनऊ द्वितीय में निरीक्षण के दौरान बैरक, मेस, आवासीय व्यवस्था और थाना परिसर की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी गई। सीसीटीएनएस और जीडी कार्यालय की कार्यप्रणाली के साथ अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी ली गई

पुलिसकर्मियों से उनकी ड्यूटी और थाना स्तर पर आने वाली समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली गई। ज्वाइंट सीपी ने पुलिस अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। महिला थाना में महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतने और पीड़ितों की समस्याओं पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने पर जोर दिया गया

एक ही दिन में चार थानों के औचक निरीक्षण को पुलिसिंग व्यवस्था की जमीनी निगरानी के तौर पर देखा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सैरपुर थाना प्रभारी मनोज कोरी, महिला थाना लखनऊ द्वितीय प्रभारी मेनका सिंह, बीकेटी थाना प्रभारी संजय सिंह और महिंगवां थाना प्रभारी राधेश्याम मौर्य समेत संबंधित पुलिसकर्मी मौजूद रहे

स्रोत: www.thehindipioneer.com

Share This Article