अयोध्या। द्रौपदी मुर्मू के अयोध्या आगमन पर गुरुवार को भव्य स्वागत किया गया। श्रीराम मंदिर में ‘श्री राम यंत्र’ की स्थापना के पावन अवसर पर उनके आगमन को ऐतिहासिक माना जा रहा है।
महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने नगरवासियों की ओर से राष्ट्रपति को ‘नगर की चाबी’ भेंट की, जो शहर की सर्वोच्च सम्मान परंपराओं में से एक मानी जाती है।
इस अवसर पर आनंदीबेन पटेल, योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति मुर्मू का यह अयोध्या का दूसरा दौरा है। उनके आगमन को लेकर शहर में खास उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए थे और पूरे शहर को सजाया गया था।
‘नगर की चाबी’ सौंपने की परंपरा विशेष सम्मान का प्रतीक है, जो किसी विशिष्ट अतिथि को शहर की ओर से आदर और विश्वास प्रकट करने के लिए दी जाती है। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि अयोध्या के नागरिकों के लिए यह गौरव का क्षण है कि राष्ट्रपति स्वयं इस ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंची हैं।
श्रीराम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ‘श्री राम यंत्र’ की स्थापना की गई। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भी खास उत्साह देखने को मिला।
राष्ट्रपति के इस दौरे को अयोध्या के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को और मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।
