इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम से गोरखपुर बनेगा खेलों का नया हब

shikha verma
2 Min Read

गोरखपुर को जल्द ही एक नया इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आधुनिक स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इस मौके पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।

यह स्टेडियम गोरखपुर में 46 एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा, जिसकी दर्शक क्षमता लगभग 30 हजार होगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि स्टेडियम के पास ही 60 एकड़ भूमि पर एक विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी विकसित किया जाएगा, जहां इनडोर और आउटडोर दोनों खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इस परियोजना से न सिर्फ खेलों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में होटल, रेस्तरां और व्यवसायिक गतिविधियों का भी विस्तार होगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है और खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में भी अवसर दिए जा रहे हैं। अब तक 500 से अधिक पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से नौकरी दी जा चुकी है और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया, फिट इंडिया और अन्य अभियानों के जरिए देश में नई खेल संस्कृति विकसित हुई है। यूपी में भी गांव से लेकर मंडल स्तर तक खेल ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि गोरखपुर-वाराणसी और गोरखपुर-लखनऊ मार्गों के बेहतर होने से यात्रा समय में काफी कमी आई है, जिससे क्षेत्रीय विकास और तेज हुआ है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया और स्टेडियम के मॉडल का अवलोकन भी किया।

Share This Article
Leave a Comment