धनबाद में होली के जश्न में चली गोलियां: बकाया पैसे मांगने पर ठेकेदार ने की फायरिंग, दो युवक गंभीर घायल
धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में होली के जश्न के बीच एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में डीजे पर नाचते-गाते समय हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मेहनत की कमाई मांगने पर गुस्साए ठेकेदार ने अपने साथियों के साथ फायरिंग कर दी, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
बकाया पैसे को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार बरमसिया त्रिमूर्ति सदन के रहने वाले विष्णु कुमार ठेकेदार विकास लाला के साथ पेटी कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम करते थे। गोधरा में बन रहे एक अस्पताल के निर्माण कार्य में उनकी करीब 2.5 लाख रुपये की रकम बकाया थी।
होली के मौके पर जब सभी लोग डीजे की धुन पर जश्न मना रहे थे, तभी विष्णु कुमार ने अपने बकाया पैसे की मांग की। इस बात पर ठेकेदार विकास लाला गुस्से में आगबबूला हो गया और कथित तौर पर बंदूक निकालकर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से दो युवक घायल
फायरिंग में विष्णु कुमार के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। वहीं उनके दोस्त पुष्पक मिश्रा के पेट में भी गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों को तुरंत SNMMCH अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
आरोपी फरार, पुलिस की छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ठेकेदार विकास लाला और उसके 3–4 साथी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
