पायनियर समाचार सेवा। लखनऊ
सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) कानपुर रोड कैम्पस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डॉ. जगदीश गांधी मेमोरियल अन्तर-विद्यालयी तैराकी चैम्पियनशिप की ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। सीएमएस राजेन्द्र नगर प्रथम कैम्पस रनरअप रहा, जबकि सीएमएस गोमती नगर प्रथम कैम्पस को तीसरा स्थान मिला। सीएमएस गोल्फसिटी कैम्पस के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘स्विमफिनिटी’ चैम्पियनशिप का समापन रविवार को हुआ
समापन समारोह में सीएमएस गोल्फसिटी कैम्पस की प्रधानाचार्या एवं ‘स्विमफिनिटी’ की संयोजिका रीमा सेठी ने विजेता खिलाड़ियों और टीम लीडरों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डॉ. जगदीश गांधी की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता बच्चों में खेल भावना विकसित करने के साथ ही उभरते तैराकों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देती है
प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग में फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक, बटरफ्लाई, व्यक्तिगत मेडले और रिले की विभिन्न स्पर्धाएं हुईं। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 50 मीटर फ्रीस्टाइल अंडर-15 बालक वर्ग में सीएमएस गोमती नगर प्रथम के आरव शुक्ला और बालिका वर्ग में सीएमएस कानपुर रोड की अंशिका वर्मा विजेता रहीं।
अंडर-17 बालक वर्ग में सीएमएस आरडीएसओ के दिव्यांश राव और बालिका वर्ग में सीएमएस राजेन्द्र नगर प्रथम की प्रथा शुक्ला ने पहला स्थान हासिल किया। 100 मीटर फ्रीस्टाइल में अंडर-15 बालक वर्ग में सीएमएस चौक के व्योम और बालिका वर्ग में सीएमएस कानपुर रोड की अंशिका वर्मा विजेता रहीं। अंडर-17 बालक वर्ग में सीएमएस महानगर के अरमान श्रीवास्तव और बालिका वर्ग में सीएमएस महानगर की आन्या तिवारी ने बाजी मारी
बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक और बटरफ्लाई की विभिन्न स्पर्धाओं में भी अलग-अलग सीएमएस कैम्पस के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। रिले स्पर्धाओं में अंडर-15 बालक वर्ग में सीएमएस गोमती नगर प्रथम और बालिका वर्ग में सीएमएस कानपुर रोड, जबकि अंडर-17 बालक वर्ग में सीएमएस राजाजीपुरम प्रथम और बालिका वर्ग में सीएमएस राजेन्द्र नगर प्रथम की टीम विजेता रही। दो दिवसीय प्रतियोगिता में लखनऊ के करीब 30 स्कूलों के 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में एलेनहाउस पब्लिक स्कूल, सेंट्रल एकेडमी, दिल्ली पब्लिक स्कूल, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, लामार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज, लखनऊ पब्लिक कॉलेज, लखनऊ पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय समेत कई विद्यालयों के तैराक शामिल हुए
स्रोत: www.thehindipioneer.com


