प्रस्तावित वंदे मातरम बिल को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई है। इस मुद्दे पर मुस्लिम समाज के भीतर भी अलग-अलग राय सामने आ रही हैं। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के मौलाना साजिद रशीदी ने बिल का विरोध किया है, जबकि आजमगढ़ के काजी मोहम्मद अरशद ने इसका समर्थन किया है।
मौलाना साजिद रशीदी ने प्रस्तावित बिल पर सवाल उठाते हुए इसे मुसलमानों के खिलाफ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के कदमों से एक समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। रशीदी ने कहा कि वंदे मातरम को लेकर मुसलमानों की धार्मिक मान्यताओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि देश में बेरोजगारी, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए ऐसे विषयों को आगे लाया जा रहा है।
वहीं, आजमगढ़ के काजी मोहम्मद अरशद ने इस बिल का समर्थन करते हुए कहा कि वंदे मातरम देश की एकता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इसके सम्मान को लेकर कोई कानून लाती है तो इसे सकारात्मक कदम के रूप में देखा जाना चाहिए।
वंदे मातरम बिल को लेकर सामने आए इन अलग-अलग बयानों के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। जहां कुछ लोग इसे राष्ट्र सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे धार्मिक स्वतंत्रता के नजरिए से देख रहे हैं।


