दिल्ली सरकार आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को वित्तीय सहायता देने के लिए महिला समृद्धि योजना शुरू करने की तैयारी में है। जानकारी के मुताबिक, इस योजना की औपचारिक शुरुआत रक्षाबंधन के अवसर पर 28 अगस्त को की जा सकती है।
इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव है। सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं को आर्थिक मदद देने का वादा किया था, जिसे अब लागू करने की तैयारी की जा रही है।
20 से 22 लाख महिलाओं को मिल सकता है लाभ
महिला समृद्धि योजना के तहत 21 से 60 वर्ष की उम्र वाली पात्र महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना है। अनुमान के मुताबिक, दिल्ली की करीब 20 से 22 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़ सकती हैं।
योजना के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। दिल्ली सरकार ने इसके लिए बजट में करीब 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया है।
किन महिलाओं को मिलेगा लाभ?
योजना का लाभ लेने के लिए महिला का दिल्ली का निवासी होना जरूरी होगा। इसके अलावा परिवार की वार्षिक आय निर्धारित सीमा के भीतर होनी चाहिए। सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद महिलाओं को प्राथमिकता देने की बात कही है।
राशन कार्ड धारक महिलाओं को योजना में प्राथमिकता मिलने की संभावना है। हालांकि, सरकारी नौकरी करने वाली महिलाएं, इनकम टैक्स भरने वाली महिलाएं और जिनके पास चार पहिया वाहन है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा।
जल्द हो सकती है आधिकारिक घोषणा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पहले भी संकेत दिए थे कि योजना को पूरी तैयारी के साथ लागू किया जाएगा, ताकि इसका लाभ सही पात्र महिलाओं तक पहुंच सके। फिलहाल योजना की अंतिम घोषणा और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।


