सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव से अपने समर्थकों और पार्टी से जुड़े लोगों पर नियंत्रण रखने की अपील की।
राजभर ने आरोप लगाया कि कुछ लोग अपराध में शामिल होकर न सिर्फ समाज को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि इसका राजनीतिक नुकसान भी अखिलेश यादव को उठाना पड़ सकता है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “अखिलेश भाई! अपने ‘अहीर’ और ‘जहीर’ को कंट्रोल कीजिए महाराज। ये बहुत अति मचाए हुए हैं। समाज का तो अहित कर ही रहे हैं, आपको भी निपटा देंगे।”
झांसी की घटना का जिक्र कर सपा पर निशाना
ओम प्रकाश राजभर ने झांसी में एक व्यापारी के अपहरण की घटना का जिक्र करते हुए सपा पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में एक सरकारी शिक्षक रवि यादव और उसके साथी पर व्यापारी विकास गुप्ता के अपहरण और मारपीट का आरोप है।
राजभर ने अपने पोस्ट में कहा कि आरोपी शिक्षक है और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, व्यापारी को करीब सात घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया गया था।
हापुड़ की घटना को लेकर भी साधा निशाना
राजभर ने हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में हुई पुलिस कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिलाल और जहीर नाम के आरोपियों को गौ तस्करी और गोकशी से जुड़े मामले में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि इन आरोपियों के खिलाफ गौकशी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है।
‘नीली ड्रेस के साथ अनुशासन भी सिखाइए’
अपने बयान में राजभर ने सपा से जुड़े लोगों की कथित यूनिफॉर्म को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना की यूनिफॉर्म की तर्ज पर नीली ड्रेस पहनाई गई है।
राजभर ने कहा कि अगर उन्हें यूनिफॉर्म पहनाई गई है तो संगठन की तरह अनुशासन का पालन करना भी सिखाया जाना चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने लोगों को अपराध से दूर रहने की नसीहत दी जानी चाहिए।
‘एसी में बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से बेहतर है…’
राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अगर वह अपने लोगों को नियंत्रित नहीं कर सकते तो कम से कम उन्हें अपराध न करने की शपथ दिला सकते हैं।
उन्होंने कहा कि केवल एसी कमरों में बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बजाय पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को कानून का पालन करने की सीख दी जानी चाहिए।
2027 चुनाव को लेकर भी किया बड़ा दावा
ओम प्रकाश राजभर ने अपने बयान के अंत में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव पर बड़ा राजनीतिक हमला किया। उन्होंने दावा किया कि अगर ऐसे लोगों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इसका सीधा असर समाजवादी पार्टी की चुनावी संभावनाओं पर पड़ेगा।
राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि “अहीर-जहीर” पर नियंत्रण नहीं किया गया तो ये लोग अखिलेश यादव को 2027 में 27 सीट भी नहीं जीतने देंगे।
कि राजभर द्वारा जिन घटनाओं का हवाला दिया गया है, उनमें झांसी में व्यापारी के अपहरण का मामला और हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई शामिल है। इन घटनाओं को आधार बनाकर राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं।


