कॉकरोच जनता पार्टी का फोकस फिलहाल आंदोलन पर, चुनाव लड़ने की योजना नहीं

shikha verma
2 Min Read

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आगामी 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। इस बीच यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह संगठन भविष्य में उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी हिस्सा लेगा।

इस पर पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि फिलहाल चुनाव लड़ने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने बताया कि संगठन अभी एक “मूवमेंट” और “यूथ मूवमेंट” के रूप में काम कर रहा है और भविष्य में परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की शुरुआत को अभी कुछ ही समय हुआ है, इसलिए आगे की दिशा पर विचार जारी है।

सौरव दास ने सरकार पर संवाद न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मांगों को लेकर अब तक कोई औपचारिक संपर्क नहीं किया गया है। उन्होंने दावा किया कि उनके आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल रहा है और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लगभग 8 लाख लोगों के हस्ताक्षर जुटाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 6 जून को होने वाला प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया है, हालांकि किसी भी पार्टी का झंडा या बैनर इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल लोगों से कानून के दायरे में रहते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की गई है।

इसी क्रम में संगठन के एक अन्य प्रवक्ता अभिषेक रांका ने भी प्रेस वार्ता में कहा कि विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और किसी भी प्रकार की हिंसा का समर्थन नहीं किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment