हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वुमन जर्नलिस्ट वेल्फेयर ट्रस्ट की महिला पत्रकारों से मुलाकात कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता क्षेत्र की चुनौतियों के बावजूद महिलाएं सशक्तिकरण के साथ आगे बढ़ रही हैं, जो प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता हित में गति और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है और मीडिया से मिलने वाली सूचनाओं पर वह स्वयं संज्ञान लेते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में सरकार ने महिला, युवा, किसान और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में ये चारों वर्ग अहम भूमिका निभा रहे हैं।
महिला सशक्तिकरण के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की शुरुआत हरियाणा से हुई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई पंचायतों में बेटियों की जन्म दर बेटों से अधिक दर्ज की गई है और ऐसी पंचायतों को सरकार द्वारा सम्मानित किया गया है। साथ ही महिला सरपंचों को इन पंचायतों का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। पंचकूला में आयोजित स्वदेशी मेले का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि एक महिला ने स्वयं सहायता समूह से जुड़कर न केवल आत्मनिर्भरता हासिल की बल्कि परिवार की आर्थिक चिंताओं से भी राहत पाई।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की अनाज मंडियों में किसानों के लिए शुरू की गई अटल कैंटीनों का संचालन भी स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं कर रही हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री की ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना में हरियाणा देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।


