समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर की गई एक पोस्ट के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। अखिलेश यादव ने बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में संभावित सीट बंटवारे को लेकर दावा किया था। अब बीजेपी ने उनके दावे पर पलटवार करते हुए सपा अध्यक्ष पर निशाना साधा है।
बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव के दावे को लेकर कहा कि सपा अध्यक्ष अपने मौजूदा गठबंधन को लेकर परेशान हैं और इसी वजह से बीजेपी के सहयोगी दलों को लेकर अफवाहें फैला रहे हैं।
‘चाचा और चच्चा देंगे सपा को गच्चा’
राकेश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें एनडीए के सहयोगियों की चिंता करने के बजाय अपनी पार्टी के अंदरूनी समीकरणों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने शिवपाल यादव की आजम खान से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि ‘चाचा और चच्चा दोनों मिलकर सपा को गच्चा दे देंगे।’
बीजेपी प्रवक्ता ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस अपने सांसद इमरान मसूद के बयानों के जरिए समाजवादी पार्टी पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक, इसी वजह से अखिलेश यादव नए राजनीतिक सहयोगियों की तलाश में बीजेपी के गठबंधन सहयोगियों को लेकर बयान दे रहे हैं।
आशीष पटेल ने भी अखिलेश यादव पर साधा निशाना
अखिलेश यादव के दावे पर यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और अपना दल (सोनेलाल) के नेता आशीष पटेल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अपना दल केवल ट्वीट और रीट्वीट की राजनीति में विश्वास नहीं करता, बल्कि जमीन पर जनता के बीच काम करने और गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े रहने में विश्वास रखता है।
आशीष पटेल ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और 2027 में अपना स्पष्ट जनादेश देगी।
अखिलेश यादव ने क्या किया था दावा?
दरअसल, मंगलवार को अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए दावा किया था कि बीजेपी 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में अपने सहयोगी दलों को सीटों का बड़ा हिस्सा देने की योजना बना रही है।
अखिलेश यादव के दावे के मुताबिक, एनडीए में आरएलडी को 73 सीटें, सुभासपा को 39 सीटें, निषाद पार्टी को 31 सीटें और अपना दल को 19 सीटें देने की योजना पर काम किया जा रहा है।
अखिलेश के इस दावे के बाद बीजेपी और उसके सहयोगी दलों की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। हालांकि, सीट बंटवारे को लेकर बीजेपी या एनडीए की ओर से इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
2027 से पहले बढ़ी सियासी हलचल
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज होती जा रही है। एक तरफ सपा अपने गठबंधन और पीडीए के मुद्दे को लेकर बीजेपी पर निशाना साध रही है, वहीं बीजेपी और उसके सहयोगी दल लगातार सपा पर पलटवार कर रहे हैं।
ऐसे में आने वाले दिनों में यूपी की सियासत में गठबंधन, सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर और भी सियासी बयान सामने आने की संभावना है।


