17 जुलाई को बॉक्स ऑफिस पर बड़ा क्लैश, क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ से भिड़ेंगी ये फिल्में

shikha verma
3 Min Read

फिल्म प्रेमियों के लिए यह शुक्रवार काफी खास रहने वाला है। 17 जुलाई को सिनेमाघरों में एक साथ कई फिल्में रिलीज हो रही हैं, जिससे बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल सकता है। हॉलीवुड की बड़ी फिल्म ‘द ओडिसी’ से लेकर आर. माधवन स्टारर ‘GDN’ समेत कई अलग-अलग जॉनर की फिल्में दर्शकों के बीच दस्तक देंगी।

आइए जानते हैं शुक्रवार को रिलीज होने वाली फिल्मों की पूरी लिस्ट:

द ओडिसी (The Odyssey)

क्रिस्टोफर नोलन के निर्देशन में बनी ‘द ओडिसी’ इस हफ्ते की सबसे चर्चित रिलीज में शामिल है। मैट डेमन, टॉम हॉलैंड और ऐनी हैथवे जैसे सितारों से सजी यह फिल्म ग्रीक पौराणिक कथा पर आधारित है। फिल्म में राजा ओडिसियस के उस सफर को दिखाया गया है, जिसमें वह ट्रोजन युद्ध के बाद घर लौटने के दौरान कई खतरनाक चुनौतियों और रहस्यमयी जीवों का सामना करते हैं।

GDN

आर. माधवन, प्रियामणि और सत्यराज स्टारर तमिल बायोपिक ड्रामा ‘GDN’ भी 17 जुलाई को रिलीज हो रही है। कृष्णकुमार रामाकुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारतीय आविष्कारक जीडी नायडू के जीवन पर आधारित है। फिल्म में उनके आविष्कारों, संघर्षों और विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान को दिखाया गया है।

महाप्रभु जगन्नाथ

निर्देशक श्रीपाद वारखेड़कर की यह हिंदी एनिमेटेड फैमिली फिल्म भगवान जगन्नाथ, भगवान बलराम और गरुड़ की पौराणिक कथा पर आधारित है। फिल्म में आस्था, भक्ति और बुराई पर अच्छाई की जीत की कहानी दिखाई गई है।

अच्युत अवतारम

यह एक इमोशनल थ्रिलर फिल्म है, जिसमें साइबर अपराध की पृष्ठभूमि में एक महिला की कहानी दिखाई गई है। फिल्म में वह अपने करीबी को खोने के बाद न्याय पाने और डिजिटल फ्रॉड के खिलाफ लड़ाई लड़ने का फैसला करती है।

ओह…! सुकुमारी

भरत दर्शन के निर्देशन में बनी तेलुगु रोमांटिक एडवेंचर कॉमेडी फिल्म ‘ओह…! सुकुमारी’ में तिरुवीर और ऐश्वर्या राजेश मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म एक युवा राजनेता की प्रेम कहानी और परिवार से जुड़े पुराने रहस्यों पर आधारित है।

वरवु

मलयालम एक्शन थ्रिलर ‘वरवु’ में जोजू जॉर्ज और अर्जुन अशोकन मुख्य भूमिकाओं में हैं। जिथिन इसाक थॉमस के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक पहाड़ी शहर की कहानी है, जहां पुराने रहस्यों के सामने आने के बाद घटनाएं तेजी से बदलती हैं।

इस शुक्रवार रिलीज हो रही फिल्मों में अलग-अलग भाषाओं और शैलियों की फिल्मों की मौजूदगी से दर्शकों के पास कई विकल्प होंगे। अब देखना होगा कि बॉक्स ऑफिस पर कौन सी फिल्म दर्शकों का सबसे ज्यादा प्यार हासिल करती है।

Share This Article
Leave a Comment