झज्जर में फिर खूनी वारदात, डीघल गांव में दिव्यांग की हत्या, सीसीटीवी से खुलासा

shikha verma
2 Min Read

झज्जर जिले के डीघल गांव में एक बार फिर देर रात हिंसा की घटना सामने आई है, जहां घर में सो रहे 52 वर्षीय दिव्यांग जितेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग गोली चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हत्या को पहले हुए फाइनेंसर साहिल उर्फ सोनू हत्याकांड से जोड़कर देख रही है। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते बदले की भावना में इस हत्या को अंजाम दिया गया है।

मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावर पहले से रेकी करते थे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया। वहीं, आरोप यह भी लगाया गया है कि इस मामले में साहिल के परिवार के कुछ लोग शामिल हो सकते हैं।

उधर, साहिल हत्याकांड में जेल में बंद संदीप उर्फ लीला के परिवार ने भी आरोप लगाया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद का परिणाम हो सकती है।

पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अमन उर्फ बंटी और अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के चलते लोगों में डर और आक्रोश दोनों बढ़ गए हैं, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment