दिल्ली के सैदुल्लाजाब इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने से छह लोगों की मौत के बाद सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस हादसे को लेकर भाजपा और MCD प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और MCD कमिश्नर के निलंबन की मांग की है।
AAP नेताओं का कहना है कि यह हादसा अवैध निर्माण और निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार का नतीजा है। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि MCD के भीतर अवैध निर्माण को लेकर शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे ऐसे हादसे सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मिलीभगत के बिना अवैध निर्माण संभव नहीं है।
AAP ने मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और MCD प्रशासन से मांग की है कि MCD कमिश्नर के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए और संबंधित जोन के जेई, एई और एक्सईएन को भी बर्खास्त किया जाए। पार्टी ने दक्षिण जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार के निलंबन की भी मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने दावा किया कि इमारत में पहले से तीन मंजिलें थीं और चौथी व पांचवीं मंजिल का अवैध निर्माण किया जा रहा था, जबकि इसके खिलाफ शिकायतें भी दर्ज कराई गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यह मामला प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार का गंभीर उदाहरण है।
AAP ने आरोप लगाया कि दिल्ली में विभिन्न स्तरों पर सत्ता होने के बावजूद भाजपा अवैध निर्माण रोकने में विफल रही है। पार्टी का कहना है कि हादसे की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


