पंजाब और चंडीगढ़ में बीते कुछ दिनों से बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यह स्थिति अभी स्थिर नहीं है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 4 जून तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। इसी को देखते हुए 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के चलते तापमान में लगभग 4.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 7.6 डिग्री कम है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह राहत अस्थायी है और 6 जून के बाद तापमान फिर से बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। कहीं बादल छाए रहेंगे तो कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
विशेषज्ञों ने यह भी आशंका जताई है कि इस बार मानसून कमजोर रह सकता है, जिसका असर सीधे तौर पर खेती और जल संसाधनों पर पड़ सकता है। कम बारिश की स्थिति में सिंचाई पर निर्भरता बढ़ेगी और बिजली की मांग में भी इजाफा हो सकता है।
आज के मौसम की बात करें तो पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा जिलों के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं, बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।


