रामानंद सागर की रामायण में भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अरुण गोविल अब एक बार फिर उसी पौराणिक दुनिया का हिस्सा बनने जा रहे हैं। इस बार वह नितेश तिवारी की भव्य फिल्म रामायण में भगवान राम के पिता राजा दशरथ की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
हाल ही में एक इंटरव्यू में अरुण गोविल ने बताया कि जब उन्हें यह भूमिका ऑफर हुई थी, तो शुरुआत में वे इसे करने को लेकर हिचकिचा रहे थे। लेकिन निर्देशक नितेश तिवारी के लगातार आग्रह और इस विचार के साथ कि नई फिल्म और पुरानी रामायण के बीच एक भावनात्मक जुड़ाव हो, उन्होंने यह किरदार स्वीकार किया।
उन्होंने कहा, “अगर मुझे लगता कि यह सही नहीं है, तो मैं इसे नहीं करता। शुरुआत में मैं यह रोल नहीं करना चाहता था, लेकिन नितेश तिवारी इस बात पर अड़े थे कि वे पुराने और नए संस्करण के बीच एक कड़ी चाहते हैं।”
अरुण गोविल ने अपने करियर का एक पुराना अनुभव भी साझा किया, जब फिल्म लव कुश में उन्हें लक्ष्मण की भूमिका निभाने के लिए कहा गया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने उस समय भी इस किरदार को लेकर असहमति जताई थी, लेकिन फिर भी उन्होंने वह भूमिका निभाई, हालांकि फिल्म को खास सफलता नहीं मिली।
गौरतलब है कि नितेश तिवारी की रामायण एक बड़े बजट की फिल्म है, जिसे लगभग 4000 करोड़ रुपये के खर्च से दो भागों में बनाया जा रहा है। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं।


