कन्नड़ फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता और निर्माता दिलीप राज का 48 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
उनके अचानक निधन से कन्नड़ फिल्म और टेलीविजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। फैंस और कलाकार सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
इंडस्ट्री में गहरा शोक
वरिष्ठ अभिनेता डोडन्ना ने उनके निधन पर दुख जताते हुए कहा कि दिलीप राज उनके परिवार और बच्चों जैसे थे। उन्होंने इस खबर को बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला बताया।
फिल्मों और टीवी में रहा लंबा करियर
दिलीप राज ने फिल्मों के साथ-साथ टेलीविजन, थिएटर और डबिंग में भी सक्रिय रूप से काम किया।
वे ‘मिलन’, ‘यू-टर्न’, ‘ऑर्केस्ट्रा मैसूर’, ‘बॉयफ्रेंड’ और ‘लव मॉकटेल 3’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते थे। फिल्म ‘मिलन’ में उनके अभिनय, खासकर खलनायक की भूमिका, को काफी सराहा गया था।
टीवी इंडस्ट्री में भी मजबूत पहचान
टेलीविजन पर भी दिलीप राज एक लोकप्रिय चेहरा थे। उन्होंने ‘हिटलर कल्याणा’, ‘कंबड़ा माने’, ‘जननी’, ‘अर्ध सत्य’, ‘रंगोली’, ‘कुमकुम भाग्य’, ‘मंगल्या’ और ‘प्रीतिगति’ जैसे कई धारावाहिकों में काम किया।
इसके अलावा उन्होंने रियलिटी शोज होस्ट किए और प्रोडक्शन हाउस डीआर क्रिएशन्स के जरिए ‘पारू’, ‘ना निन्ना बिदलारे’ और ‘कृष्णा रुक्कू’ जैसे धारावाहिकों का निर्माण भी किया। उनके निधन की खबर से पूरे मनोरंजन जगत में गहरा शोक है।


