Netflix पर गंभीर आरोप, डेटा ट्रैकिंग को लेकर छिड़ी बहस

shikha verma
2 Min Read

दुनिया की सबसे लोकप्रिय स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म Netflix एक बड़े विवाद में घिर गया है। अमेरिका के टेक्सास राज्य में कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर किया गया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि Netflix यूजर्स की गतिविधियों पर नजर रखता है और बिना स्पष्ट अनुमति के उनका डेटा एकत्र करता है।

मामले में यह भी दावा किया गया है कि प्लेटफॉर्म ऐसे डिजिटल डिजाइन और तकनीकों का इस्तेमाल करता है, जिससे यूजर्स खासकर बच्चे लंबे समय तक स्क्रीन पर बने रहते हैं। इस तरह की तकनीकों को कानूनी भाषा में “Dark Pattern” कहा जाता है, जो यूजर्स को अनजाने में किसी खास दिशा में प्रभावित करती हैं।

शिकायत के अनुसार, Netflix यूजर्स की देखने की आदतें, पसंद, वीडियो रोकने और देखने का समय जैसी जानकारी रिकॉर्ड करता है और इसका इस्तेमाल अपने कंटेंट और बिजनेस रणनीति को बेहतर बनाने के लिए करता है। आरोप यह भी है कि प्लेटफॉर्म लगातार ऐसा कंटेंट दिखाता है जिससे यूजर ज्यादा समय तक ऐप पर बना रहे।

इस मामले में कहा गया है कि Netflix का एल्गोरिद्म हर यूजर के लिए अलग होमपेज तैयार करता है, जो उनकी पिछली गतिविधियों और पसंद पर आधारित होता है। इसी वजह से हर व्यक्ति को अलग-अलग कंटेंट दिखाई देता है।

हालांकि Netflix ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। कंपनी का कहना है कि वह यूजर्स की प्राइवेसी का सम्मान करती है और सभी डेटा सुरक्षा नियमों का पालन करती है। कंपनी ने मुकदमे को गलत और भ्रामक बताया है।

फिलहाल यह मामला अदालत में विचाराधीन है और आने वाले समय में सुनवाई के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं। इस विवाद ने एक बार फिर डिजिटल प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा को लेकर वैश्विक बहस छेड़ दी है।

Share This Article
Leave a Comment