NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी राकेश को उत्तराखंड के देहरादून से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने एक परिचित के पास छिपा हुआ था।
यह मामला NEET UG 2026 परीक्षा के बाद सामने आया, जो 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद सोशल मीडिया, खासकर व्हाट्सएप पर “गेस पेपर” के वायरल होने से पेपर लीक की आशंका गहराने लगी। आरोप है कि इस गेस पेपर के कई सवाल असली परीक्षा से मेल खाते पाए गए, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया।
राजस्थान SOG ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई राज्यों में छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान देहरादून एक अहम ठिकाना साबित हुआ, जहां से पहले भी कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया जा चुका है। इसी कड़ी में राकेश की गिरफ्तारी को जांच टीम बड़ी उपलब्धि मान रही है।
सूत्रों के मुताबिक अब तक 20 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि यह मामला किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि एक संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, करीब 400 से अधिक प्रश्नों वाला एक दस्तावेज परीक्षा से पहले छात्रों तक पहुंचाया गया था, जिसमें कई सवाल वास्तविक परीक्षा से मिलते-जुलते थे। इसी आधार पर पेपर लीक की पुष्टि की जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले के बाद NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं स्थानीय पुलिस ने बताया कि उन्होंने राजस्थान पुलिस को सहयोग किया और आरोपी को उनके हवाले कर दिया गया। जांच अभी जारी है और मामले में और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

