सपा सांसद के बयान पर AIMIM नाराज़, अखिलेश यादव से पूछे सवाल

shikha verma
2 Min Read

महोबा से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर अब AIMIM की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी प्रवक्ता शादाब चौहान ने टिप्पणी की भाषा पर असहमति जताते हुए इसे अनुचित बताया है।

शादाब चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार और प्रधानमंत्री से सवाल पूछना विपक्ष का अधिकार है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और विदेश नीति जैसे मुद्दों पर विपक्ष लगातार सरकार को घेरता रहा है। लेकिन किसी भी राजनीतिक मतभेद के बावजूद देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं माना जा सकता।

AIMIM प्रवक्ता ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर पूरा देश एकजुट होकर सरकार के साथ खड़ा था। ऐसे समय में राजनीतिक मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष को जनता से जुड़े असली मुद्दों—रोजगार, अल्पसंख्यकों के अधिकार, वक्फ कानून, CAA और स्वास्थ्य सेवाओं—पर सरकार से जवाब मांगना चाहिए। उनके मुताबिक व्यक्तिगत टिप्पणियां राजनीतिक बहस को कमजोर करती हैं और इससे राजनीतिक फायदा बीजेपी को मिल सकता है।

शादाब चौहान ने इस मामले में समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav से भी प्रतिक्रिया देने की मांग की। वहीं प्रधानमंत्री Narendra Modi को लेकर की गई टिप्पणी पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और सांसद के खिलाफ नाराजगी जताई।

Share This Article
Leave a Comment